दर्शकों ने अंग्रेजी और देवनागरी लिपि में कैलीग्राफी कला सीखी

 


 



जयपुर, अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जवाहर कला केंद्र (जेकेके) ने ऑनलाइन लर्निंग क्लासेस 'बीजाक्षरा' की मंगलवार से शुरूआत की। कार्यक्रम के पहले दिन, दर्शकों ने कैलीग्राफी आर्टिस्ट हरिशंकर बालोठिया से अंग्रेजी और देवनागरी लिपि में 'आर्ट ऑफ कैलीग्राफी' की बारीकियां सीखी। सेशन की शुरूआत में सुंदर लिपि बनाने के लिए कैलीग्राफी के विभिन्न उपकरणों के उपयोग करने के तरीके और कैलीग्राफी से जुड़े बुनियादी सिद्धांतों को दर्शकों के साथ साझा किया गया। इसमें विभिन्न प्रकार के पेन का उपयोग, सुंदर लिपि के लिए पेन पकड़ने के सही एंगल और स्पीड के बारे में समझाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा जेकेके और अरेबियन एवं पर्शियन रिसर्च संस्थान, टोंक के सहयोग से किया गया।

सेशन की शुरूआत पूर्व में आयोजित 'ऑनलाइन लर्निंग चिल्ड्रन्स फेस्टिवल' के तहत सिखाए गए लेसंस को रिवाइज कराने के साथ हुई। कलाकार ने रोमन लिपि में लोअरकेस और अपरकेस लैटर्स लिखने का तरीका प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि कैलीग्राफी का अर्थ है विशेष उपकरणों का उपयोग करके सुंदर लेख तैयार करना। उन्होंने डीमार्किंग स्पेस (1 बॉक्स) की अवधारणा, सेंटर स्पॉट की मैपिंग और लैटर्स बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के स्ट्रोक के बारे में समझाया। वर्टिकल, हॉरिजॉन्टल और कर्व्ड स्ट्रोक्स का उपयोग करके स्क्वायर स्पेस में लैटर्स को स्ट्रक्चर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्टिकल स्ट्रोक ऊपर से नीचे की ओर और हॉरिजॉन्टल स्ट्रोक बाएं से दाएं की ओर मूव करते हैं।

प्रदर्शन के दौरान उन्होंने दो लाइनों के बीच में लिखने, असेंडर्स और डीसेंडर्स के साथ लिखने के एंगल्स के बारे में भी समझाया। एडवर्ड जॉनस्ट्न की कैलीग्राफी तकनीक पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि जिस पेन को लिखने के लिए उपयोग किया जाएगा, उसी पेन का उपयोग असेंडर्स, डीसेंडर्स, बॉडी और कैरेक्टर हाईट को चिह्नित करने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने न्यूमेरिकल्स लिखने का तरीका भी प्रदर्शित करके दिखाया।

कलाकार ने देवनागरी लिपि के लैटर्स, पेन होल्डिंग तकनीक, पेन प्रेशर के साथ-साथ मूवमेंट की दिशा का भी प्रदर्शन किया। सुलेख के दौरान उपयोग की जाने वाली सामग्री के बारे में बताते हुए, उन्होंने कहा कि नीले, लाल, हरे या काले रंगों की इंक सुंदर स्क्रिप्ट लिखने के लिए  उपयोगी है। यदि कोई इंक बनाना चाहता है, तो उन्हें काजल, गोंद और पानी को  अच्छी तरह से मिलाकर इसका उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कैलीग्राफी पेन और चीजल पेन बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं और कोई भी उन पेन का उपयोग विभिन्न प्रकार की लिपियों को लिखने के लिए कर सकता है, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि पेन  सही एंगल से पकड़ा गया हो।


Post a Comment

0 Comments